बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा करीब एक साल के लंबे ब्रेक के बाद स्क्रीन पर वापसी के लिए तैयार हैं। मां बनने के बाद यह उनका पहला बड़ा स्क्रीन प्रोजेक्ट होगा। अभिनेत्री की वापसी को लेकर फैंस के बीच भी काफी उत्सुकता है।
मां बनने के बाद भी काम करना चाहती हैं परिणीति
परिणीति चोपड़ा का मानना है कि मां बनना किसी अभिनेत्री के करियर का अंत नहीं, बल्कि जिंदगी का एक खूबसूरत नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ मां बनने की वजह से काम करना कभी बंद नहीं करना चाहेंगी। उनके मुताबिक बच्चे का होना एक बेहद खूबसूरत अनुभव है और इसके साथ करियर को भी आगे बढ़ाया जा सकता है।
बॉलीवुड में बदल रही है सोच
अभिनेत्री ने इस बदलाव को समझाने के लिए दीपिका पादुकोण और आलिया भट्ट का उदाहरण भी दिया। दोनों अभिनेत्रियां मां बनने के बाद भी लगातार अपने काम पर ध्यान दे रही हैं। परिणीति के मुताबिक, इससे यह संकेत मिलता है कि दर्शकों की सोच भी अब पहले से काफी बदल चुकी है।
‘ऑडियंस मां को कैंसल नहीं कर रही’
परिणीति ने कहा, “The audience isn’t cancelling mothers; hence, writers, directors, and actors can make content.” उनका मानना है कि जब दर्शक मां बनने के बाद अभिनेत्रियों को स्वीकार कर रहे हैं, तो लेखकों, निर्देशकों और कलाकारों के लिए भी ऐसी कहानियां बनाने की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
‘शक’ से होगी नई शुरुआत
परिणीति की वापसी आगामी शो ‘शक’ से होने जा रही है। यह मां बनने के बाद उनकी पहली स्क्रीन अपीयरेंस होगी। ऐसे में यह प्रोजेक्ट उनके लिए व्यक्तिगत और पेशेवर, दोनों लिहाज से खास माना जा रहा है।
मां बनना अब करियर का फुल स्टॉप नहीं
परिणीति के बयान ने बॉलीवुड में महिलाओं और मातृत्व को लेकर बदलती सोच की ओर भी ध्यान खींचा है। पहले शादी या मां बनने के बाद अभिनेत्रियों के करियर को लेकर सवाल उठते थे, लेकिन अब तस्वीर बदलती नजर आ रही है। दर्शक अभिनेत्रियों को उनकी निजी जिंदगी से अलग उनकी प्रतिभा और काम के आधार पर स्वीकार कर रहे हैं।

