
पवन कल्याण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दे कॉल हिम OG’ के सीक्वल ‘OG 2’ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. पहली फिल्म को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिलने के बाद निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर दूसरे भाग की घोषणा कर दी है. हाल ही में अभिनेता की टीम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर सीक्वल की पुष्टि की, जिसके बाद फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
पूजा हेगड़े बन सकती हैं नई लीड एक्ट्रेस
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘OG 2’ में मुख्य अभिनेत्री के तौर पर पूजा हेगड़े की एंट्री हो सकती है. हालांकि, फिल्म के निर्माताओं ने अभी तक इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. इसके बावजूद सोशल मीडिया पर पूजा का नाम लगातार चर्चा में बना हुआ है. पहली फिल्म में प्रियंका मोहन ने लीड रोल निभाया था, लेकिन कहानी में उनके किरदार की मौत दिखाए जाने के बाद सीक्वल में नई अभिनेत्री के आने की संभावना जताई जा रही है.
‘गंभीरा’ की अनकही कहानी आएगी सामने
फिल्म के ऐलान के साथ जारी किए गए वीडियो में पवन कल्याण और निर्देशक सुजीत की पहली क्रिएटिव मीटिंग की झलक दिखाई गई. वीडियो के कैप्शन में लिखा गया, “तूफान आने से पहले… एक पल का मौन छा जाता है. ‘गंभीरा’ की अनकही कहानी अब सामने आने के लिए तैयार है.” इससे साफ संकेत मिलता है कि सीक्वल में पवन कल्याण एक बार फिर ‘गंभीरा’ के दमदार किरदार में नजर आएंगे और कहानी पहले से ज्यादा रोमांचक होने वाली है. फिलहाल फैंस को फिल्म की स्टारकास्ट और रिलीज से जुड़े आधिकारिक अपडेट का इंतजार है.

