
कोलकाता : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड से राष्ट्रीय समारोह का नेतृत्व किया। इस वर्ष योग दिवस का विषय ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रखा गया है, जिसका उद्देश्य शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए योग को आजीवन अभ्यास के रूप में बढ़ावा देना है।
सुबह से जारी मुख्य कार्यक्रम में हजारों लोगों ने कॉमन योगा प्रोटोकॉल का अभ्यास किया, जबकि भारत और विदेशों से लाखों लोग वर्चुअल माध्यम से जुड़े। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हिमालय से लेकर हिंद महासागर तक और पूर्वोत्तर से लेकर सौराष्ट्र तक पूरा भारत योग की ऊर्जा से सराबोर दिखाई दे रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और योग का संबंध हजारों वर्षों पुराना है। भारत की प्राचीन परंपराओं से निकला योग आज एक वैश्विक जन-आंदोलन बन चुका है, जो शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति और समग्र कल्याण का माध्यम बन रहा है।

