“मैं खुद को किसी सीमा में नहीं बांधती” : हर किरदार में नई पहचान गढ़ रहीं पूजा गौर

Manu Shrivastava
3 Min Read
पूजा गौर
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

टीवी और ओटीटी की दुनिया में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज करा चुकी पूजा गौर आज उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने अभिनय के दम पर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। ‘गन्स एंड गुलाब्स’, ‘आईसी 814: द कंधार हाइजैक’, ‘द वर्डिक्ट: स्टेट वर्सेस नानावटी’ जैसी चर्चित वेब सीरीज में नजर आ चुकी पूजा हाल ही में ‘लुटेरी दुल्हन’ में एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में दिखाई दीं। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत से ही मजबूत और प्रभावशाली महिला किरदारों को प्राथमिकता दी है।

पूजा का मानना है कि किसी खास तरह के रोल में फिट हो जाना या टाइपकास्ट कहलाना उनके लिए चिंता का विषय नहीं है। उनके अनुसार यदि निर्माता और निर्देशक किसी कलाकार पर भरोसा करके एक विशेष भूमिका सौंपते हैं, तो उसे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाना चाहिए। वह कहती हैं कि सशक्त महिला किरदार केवल बाहरी तौर पर मजबूत नहीं होते, बल्कि उनके भीतर कई भावनात्मक और सामाजिक परतें भी होती हैं, जो उन्हें दिलचस्प बनाती हैं।

माध्यम नहीं, कहानी है सबसे महत्वपूर्ण

पूजा गौर उन कलाकारों में से हैं जो किसी एक प्लेटफॉर्म तक खुद को सीमित नहीं रखना चाहतीं। उनका कहना है कि उनके लिए माध्यम नहीं, बल्कि कहानी और किरदार अधिक महत्वपूर्ण हैं। चाहे टेलीविजन हो, फिल्में हों या ओटीटी प्लेटफॉर्म, यदि कहानी उन्हें आकर्षित करती है तो वह उसमें काम करने के लिए तैयार रहती हैं।

वह स्वीकार करती हैं कि उन्हें काम में व्यस्त रहना बेहद पसंद है। खुद को वर्कोहोलिक बताते हुए पूजा कहती हैं कि महीने के अधिकांश दिन वह किसी न किसी प्रोजेक्ट में व्यस्त रहती हैं। अभिनय उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जुनून है।

रियलिटी शो से दूरी की खास वजह

कई रियलिटी शोज का हिस्सा रह चुकी पूजा ने अब उनसे दूरी बना ली है। इसकी वजह बताते हुए वह कहती हैं कि वह उन्हीं प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनना पसंद करती हैं जिन्हें एक दर्शक के रूप में खुद देखना चाहें। रियलिटी शो में दिखने वाले ड्रामा, विवाद और मसालेदार प्रस्तुतिकरण उन्हें ज्यादा आकर्षित नहीं करते।

उनका मानना है कि इस तरह के मनोरंजन के लिए एक अलग तरह की प्रतिभा की जरूरत होती है और वह खुद को उस फॉर्मेट के लिए उपयुक्त नहीं मानतीं। इसलिए उन्होंने अभिनय आधारित प्रोजेक्ट्स पर ही अपना फोकस बनाए रखा है।

‘गन्स एंड गुलाब्स 2’ को लेकर उत्सुकता बरकरार

लोकप्रिय वेब सीरीज ‘गन्स एंड गुलाब्स’ के दूसरे सीजन को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। हालांकि पूजा का कहना है कि इसकी घोषणा तो हो चुकी है, लेकिन इसके निर्माण और रिलीज की समय-सीमा को लेकर फिलहाल उनके पास कोई विशेष जानकारी नहीं है। उनका मानना है कि इस बारे में निर्माता-निर्देशक राज और डीके ही बेहतर जानकारी दे सकते हैं।

Share This Article