
रांची : भाजपा सांसद डॉ प्रदीप वर्मा ने मंगलवार को खिजरी विधानसभा क्षेत्र के लालखटंगा पंचायत में जनजातीय समाज के महानायक, जल-जंगल-जमीन के अमर रक्षक एवं स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस मौके पर प्रदीप वर्मा ने कहा कि धरती आबा के संघर्ष, त्याग और स्वाभिमान की प्रेरणा आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करती है। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और अधिकारों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने का कार्य करेगी। देश की भावी पीढ़ियां भगवान बिरसा के उलगुलान से प्रेरणा पाकर एक नए भविष्य का निर्माण करेगी। आइए, भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलकर समरस, सशक्त और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण का संकल्प लें।

