रांची : भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ प्रदीप वर्मा ने कहा है कि भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता, प्रखर राष्ट्रवादी और संवेदनशील समाजसेवी नाना पाटेकर जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। 75 वर्ष की आयु में उनके निधन से कला और सिनेमा जगत ने एक ऐसी विलक्षण प्रतिभा को खो दिया, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। नाना पाटेकर ने अपनी दमदार अदाकारी, प्रभावशाली संवाद अदायगी और सहज अभिनय से भारतीय सिनेमा में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने पर्दे पर विभिन्न भूमिकाओं को जिस जीवंतता और गहराई के साथ प्रस्तुत किया, वह सदैव याद किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि नाना पाटेकर का व्यक्तित्व केवल एक महान अभिनेता तक सीमित नहीं था। सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और किसानों एवं ग्रामीण समाज के लिए ‘नाम फाउंडेशन’ के माध्यम से किए गए कार्य उनके संवेदनशील और सेवाभावी व्यक्तित्व को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर का जाना भारतीय फिल्म जगत के साथ-साथ देश के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है। उनके अभिनय की विशिष्ट शैली, सादगी, बेबाकी और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी। डॉ. प्रदीप वर्मा ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि परमात्मा पुण्यात्मा नाना पाटेकर को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा उनके परिवार, परिजनों और देश-विदेश में मौजूद उनके करोड़ों प्रशंसकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।


