
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जल्द ही एक और बड़े हॉलीवुड प्रोजेक्ट में नजर आने वाली हैं। फिल्म ‘द ब्लफ’ के बाद प्रियंका अब साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर ‘ब्लूफ्लाई’ में अभिनेता रसेल क्रो के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी। प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर कर इस प्रोजेक्ट की जानकारी दी। पोस्ट में उन्होंने Deadline में प्रकाशित खबर का स्क्रीनशॉट भी साझा किया और नई फिल्म को लेकर उत्साह जाहिर किया।
निमरोड एंटल करेंगे फिल्म का निर्देशन
यह फिल्म विज्ञान पर आधारित काल्पनिक कथा वाली एक्शन थ्रिलर बताई जा रही है। इसका निर्देशन निमरोड एंटल करेंगे। फिल्म का निर्माण हाईलैंड फिल्म ग्रुप के तहत एरियन फ्रेजर और डेल्फिन पेरियर, पोलाइट सोसाइटी के तहत माइकल जेफरसन, ब्रोकन ओपन पिक्चर्स के लिए डेविड फ्रिगेरियो, डेबोरा ग्लोवर और वैनेसा याओ गुओ कर रहे हैं।
कांगो के जंगलों में शुरू होगी रहस्यमयी तलाश
फिल्म की आधिकारिक कहानी के अनुसार, गम में डूबे संयुक्त राष्ट्र के एक अनुवादक को कांगो के घने जंगलों में एक गुप्त मिशन पर भेजा जाता है। उसका काम ऐसे रहस्यमयी विमान को खोजकर वापस लाना है, जिसका आधिकारिक दस्तावेजों में कोई अस्तित्व नहीं है।
विमान की तलाश बनेगी खतरनाक मिशन
विशेष अभियान दल विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाके से नदी के रास्ते आगे बढ़ता है। लेकिन जैसे-जैसे टीम विमान के करीब पहुंचती है, मिशन का रहस्य और गहरा होता जाता है। उन्हें पता चलता है कि उन्हें विमान वापस लाने के लिए भेजा ही नहीं गया था। फिल्म में लिया बुमन, गाइ डेविस, रूथऐन फ्रिजेरियो, ब्रायन कवानॉग-जोन्स समेत कई कलाकार और निर्माता भी जुड़े हैं।

