नई दिल्ली : कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राजनीतिक नेताओं ने राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी को बधाई दी। पीएम मोदी ने लिखा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।” राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस पार्टी ने भी एक भावनात्मक संदेश जारी किया। पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में राहुल गांधी के नेतृत्व, विचारों और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समय में जब अधिकांश लोग चुप रहना पसंद करते हैं, राहुल गांधी लगातार उन मुद्दों पर आवाज उठाते रहे हैं जिन्हें वह सही मानते हैं।
कांग्रेस ने कहा कि अन्याय, असमानता और सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ राहुल गांधी की लगातार लड़ाई ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है। पार्टी के अनुसार राहुल गांधी ने लोगों को यह भरोसा दिलाया है कि राजनीति केवल सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक प्रभावी साधन भी हो सकती है।


