

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती मनाई गई। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।





कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक, मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के महान स्वप्नदृष्टा थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और विज्ञान, तकनीक, शिक्षा तथा संचार क्रांति की मजबूत नींव रखी। मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने के उनके ऐतिहासिक निर्णय ने युवाओं को लोकतंत्र में सीधी भागीदारी दी। इसके अलावा, पंचायती राज व्यवस्था को संवैधानिक दर्जा देकर उन्होंने सत्ता का विकेंद्रीकरण किया और गांवों तक लोकतंत्र को पहुंचाने का काम किया।
उन्होंने आगे कहा कि आज जब देश में बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक असमानता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती जैसे मुद्दे सामने हैं, तब राजीव गांधी की सोच और विचार पहले से भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राजीव गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। इस जयंती समारोह में मुख्य रूप से राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, ज्योति सिंह मथारू, कुमार गौरव, रमा खलखो, राजन वर्मा, डॉ. एम तौसीफ और रमाकांत आनंद समेत भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
