
राजकुमार हिरानी अब डिजिटल प्लेटफॉर्म की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ और 3 इडियट्स जैसी सुपरहिट फिल्मों के बाद हिरानी अपनी पहली वेब सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ लेकर आ रहे हैं। यह प्रोजेक्ट इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि इसके जरिए वह अपने बेटे वीर हिरानी को अभिनय की दुनिया में लॉन्च करने वाले हैं।
कॉमेडी और इमोशन का मिश्रण
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ एक स्लाइस-ऑफ-लाइफ कॉमेडी ड्रामा सीरीज होगी। इसमें राजकुमार हिरानी का खास ह्यूमर और भावनात्मक कहानी कहने का अंदाज देखने को मिलेगा। सीरीज की कहानी दो बिल्कुल अलग स्वभाव वाले किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है।
अरशद वारसी निभाएंगे खास भूमिका
सीरीज में अरशद वारसी ‘प्रीतम’ नाम के एक चालाक और मजाकिया किरदार में नजर आएंगे, जबकि वीर हिरानी ‘पेड्रो’ नाम के मासूम युवक की भूमिका निभाएंगे। अरशद वारसी और राजकुमार हिरानी की जोड़ी पहले भी दर्शकों को कई यादगार फिल्में दे चुकी है। ऐसे में अब अरशद और वीर की नई जुगलबंदी को लेकर दर्शकों में उत्साह बढ़ गया है।
ओटीटी पर होगी रिलीज
वीर हिरानी ने फिल्ममेकिंग की पढ़ाई की है और कुछ शॉर्ट फिल्मों का निर्देशन भी कर चुके हैं। हालांकि, बतौर अभिनेता यह उनका पहला बड़ा कमर्शियल प्रोजेक्ट होगा। यह वेब सीरीज JioHotstar पर रिलीज की जाएगी और इसकी शुरुआती शूटिंग पूरी हो चुकी है।

