
अभिनेता राम चरण ने एक समिट के दौरान रणवीर सिंह स्टारर ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि यह फिल्म सिर्फ एक बड़ी हिट नहीं, बल्कि पूरे देश को एक भावना में जोड़ने वाली सिनेमाई उपलब्धि है. हाल ही में ओटीटी पर फिल्म देखने के बाद राम चरण ने इसे “शानदार, अद्भुत और असाधारण” बताया. उनके अनुसार फिल्म का हर दृश्य, हर किरदार और कहानी का हर मोड़ बेहद संतुलित और प्रभावशाली ढंग से पेश किया गया है.
‘इंडिया फर्स्ट’ वाली फिल्मों की जरूरत
राम चरण ने कहा कि ‘धुरंधर’ की रिकॉर्डतोड़ सफलता यह साबित करती है कि दर्शक ऐसी फिल्मों को पसंद करते हैं, जिनमें राष्ट्रीय एकता और ‘इंडिया फर्स्ट’ की भावना दिखाई देती है. उन्होंने कहा कि फिल्म ने 1800 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन किया और यह आंकड़ा सिर्फ कमाई नहीं, बल्कि उन करोड़ों दर्शकों का भरोसा है जिन्होंने इसे अपनाया. उनके मुताबिक, अगर भारत के लोग इस तरह के सिनेमा को पसंद कर रहे हैं तो भविष्य में भी ऐसी फिल्मों का बनना देश और फिल्म इंडस्ट्री, दोनों के लिए सकारात्मक संकेत है.
‘सिनेमा सबसे सस्ता मनोरंजन’
महामारी के बाद सिनेमाघरों में घटती भीड़ पर प्रतिक्रिया देते हुए राम चरण ने कहा कि जब ‘केजीएफ’, ‘पुष्पा 2’, ‘धुरंधर’, ‘कांतारा’ और ‘आरआरआर’ जैसी दमदार फिल्में आती हैं तो दर्शक खुद-ब-खुद थिएटर का रुख करते हैं. उन्होंने माना कि कोविड के बाद सभी को चिंता थी कि क्या लोग फिर से सिनेमाघरों में लौटेंगे, लेकिन अच्छी कहानियों ने इस भरोसे को मजबूत किया. राम चरण ने कहा कि भारत में आज भी सिनेमा सबसे सस्ता और सबसे लोकप्रिय मनोरंजन का माध्यम है, जहां पूरा परिवार साथ बैठकर फिल्म देखता है और यादगार पल साझा करता है. उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी कहा कि अगर थिएटर में पॉपकॉर्न की कीमतें थोड़ी कम हो जाएं, तो फिल्म देखने का अनुभव और भी शानदार हो जाएगा.

