
रामगढ़: रामगढ़ के भुरकुंडा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक मुठभेड़ हुई। पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच यह मुठभेड़ दुमुहाना मंदिर के पास हुई। इस दौरान गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह गोली लगने से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। जैसे ही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची, अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पतरातू थाना प्रभारी की गाड़ी के शीशे और बंपर में भी गोली लगी, लेकिन अधिकारी सुरक्षित रहे।
SIT की गुप्त सूचना पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ SIT का गठन किया गया था। टीम लगातार भुरकुंडा और पतरातू इलाके में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को खबर मिली कि गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह इलाके में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने दुमुहाना मंदिर के पास सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मुठभेड़ में सनी सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लिया और प्राथमिक उपचार के बाद CCL अस्पताल भुरकुंडा में भर्ती कराया।
हथियार और सामान बरामद
घटना स्थल से पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रेलिगढ़ा निवासी सनी सिंह के रूप में बताई। पुलिस अभी भी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
