
रामगढ़ : रामगढ़ शहर में इन दिनों अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। शनिवार को पुराने बस पड़ाव इलाके में एक महिला के साथ चेन स्नैचिंग की घटना हुई, जिससे आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार दो युवकों ने दवा लेकर घर लौट रही महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से तेजी से फरार हो गए।
पीड़ित महिला अंजू देवी पुराने बस पड़ाव रोड स्थित वाटिका स्वीट्स के पास रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह मेडिकल स्टोर से दवा खरीदकर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान बस स्टैंड की तरफ से बाइक पर आए दो युवक उनके पास पहुंचे। महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले पीछे बैठे युवक ने झटका मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। बताया जा रहा है कि छीनी गई चेन का वजन करीब 11 ग्राम था।
घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों आरोपी भाग चुके थे। मामले की शिकायत रामगढ़ थाना में दर्ज करा दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

