
रामगढ़: रामगढ़ जिले की चुटूपालू घाटी में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लोहे के भारी पहिए लेकर जा रहा एक ट्रेलर घाटी के घुमावदार रास्ते पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रेलर पलटते ही उसके नीचे कई वाहन दब गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक काले और एक सफेद रंग की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं, पास में खड़ा एक कंटेनर ट्रक और एक यात्री बस भी दुर्घटना की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। घायलों का इलाज जारी है।

