
Ramgarh Robbery : रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक ज्वेलरी दुकान में हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। शिव शंकर नामक ज्वेलरी दुकान में घुसे पांच लुटेरों ने लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए और मौके से फरार होने लगे।
हालांकि, भागने के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा।
अस्पताल के डॉक्टर उदय कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, दोनों आरोपियों के सिर और पीठ पर गंभीर चोट के निशान हैं, जो लाठी-डंडे से पिटाई के कारण आए हैं। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बाकी तीन आरोपी लूट का सामान लेकर फरार हो गए हैं। पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

