Ramgarh : झारखंड के रामगढ़ में शनिवार की रात NH-33 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से पिता और उनकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अरुण ओहदार और उनकी बेटी मिस्टी के रूप में हुई है। हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए होप अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर मचा कोहराम
घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में मातम छा गया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से लोग आक्रोशित हो उठे। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर विरोध शुरू कर दिया।
NH-33 पर तीन घंटे तक ठप रहा आवागमन
सड़क जाम होने से NH-33 पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। इसका असर रामगढ़ शहर की प्रमुख सड़कों पर भी देखने को मिला। करीब तीन घंटे तक यातायात व्यवस्था बाधित रही।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। खबर लिखे जाने तक सड़क जाम हटाने और यातायात सामान्य कराने की कोशिश जारी थी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, स्थानीय लोग सड़क हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।


