झारखंड: झारखंड के रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र के NH-33 रांची-पटना मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना पैंकी गांव के समीप हुई. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र अंतर्गत जंघारो गांव का एक परिवार स्कॉर्पियो (BR 21P 6331) से झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने आ रहा था. वाहन में परिवार के कुल 14 सदस्य सवार थे. इसी दौरान पैंकी गांव के समीप स्कॉर्पियो की आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
इस हादसे में चार महिलाओं, पांच पुरुषों और चार मासूम बच्चों समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई. वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसका इलाज रामगढ़ के एक निजी अस्पताल में हो रहा है. बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य विवेक कुमार की पत्नी को सरकारी शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी में पूरा परिवार रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था. विवेक कुमार के निजी स्कूल संचालक होने की भी जानकारी मिली है. परिवार की यह यात्रा खुशियों और आस्था से जुड़ी थी, लेकिन हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.


