
रांची : शहर में यातायात को सुगम और जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने एयरपोर्ट पहुंच मार्ग को लेकर अहम निर्णय लिया है। अब एयरपोर्ट के बाहर अव्यवस्थित तरीके से खड़ी होने वाली गाड़ियों पर पूरी तरह रोक लगेगी।
नगर निगम द्वारा हिनू चौक से हेथु चौक तक के पूरे मार्ग को नो-पार्किंग ज़ोन घोषित कर दिया गया है। यह निर्णय भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और बिरसा मुंडा विमानपत्तन, रांची से प्राप्त सुझावों के आधार पर गठित समिति के स्थलीय निरीक्षण के बाद लिया गया।
निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि इस मार्ग पर अनियंत्रित पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम नागरिकों और हवाई यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए यह कदम उठाया गया है।
नए आदेश के अनुसार संतोषी माता मंदिर, हिनू से लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग (मौसम केंद्र, रांची) होते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) कैंप तक सड़क के दोनों किनारों पर वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और एयरपोर्ट परिसर में उपलब्ध अधिकृत पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और जाम की समस्या से राहत मिल सके।

