सेना में भर्ती के नाम पर रांची में ठगी का खेल, मिलिट्री इंटेलिजेंस और पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा

रांची में सेना, एमईएस और रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, पुलिस ने गौतम कुमार को गिरफ्तार कर फर्जी नियुक्ति पत्र बरामद किए।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : सेना, मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (एमईएस) और रेलवे में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। कोलकाता मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर रांची पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे रिंग रोड स्थित एक होटल से पकड़ा। आरोपी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित आरटीसी स्कूल, लवकुश टावर का रहने वाला बताया गया है। उसके ठिकाने से सेना और एमईएस से संबंधित बड़ी संख्या में फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से पैसे वसूलता था। इसके बाद सेना या एमईएस में नियुक्ति से जुड़े फर्जी दस्तावेज और नियुक्ति पत्र दिखाकर उन्हें भरोसे में लिया जाता था। जांच में ऐसे कई युवाओं के ठगी का शिकार होने की बात सामने आई है।

जांच के दौरान बरामद दस्तावेजों की पड़ताल में सेना और मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस से जुड़े कई कागजात फर्जी पाए गए। इन दस्तावेजों के जरिए भर्ती प्रक्रिया को वास्तविक दिखाने की कोशिश की जाती थी।

मामले में शिकायतकर्ता योगेश कुमार ने ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से 6.50 लाख रुपये दिए थे। प्राथमिकी में गौतम कुमार के अलावा चंदन कुमार सिंह और मृत्युंजय कुमार के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस दोनों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं, फर्जी दस्तावेज कहां तैयार किए जाते थे और अब तक कितने युवाओं को इसका शिकार बनाया गया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।