

रांची: राजधानी रांची में बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की 10 बाइक बरामद की गई हैं।





पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह शहर के भीड़भाड़ वाले हाट-बाजारों और सार्वजनिक जगहों से बाइक चोरी करता था। चोरी की गई बाइकों को बाद में ग्रामीण इलाकों में कम कीमत पर बेच दिया जाता था।
चेकिंग के दौरान खुला बाइक चोरी का राज
दरअसल, धुर्वा थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार बाइक चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया।
इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक पर सवार तीन लोगों को पकड़ा। जांच में बाइक चोरी की निकली। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ और जांच आगे बढ़ाई तो पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
मास्टरमाइंड भरत बैठा समेत 8 गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में भरत बैठा, सुनील करमाली, रोहित उरांव, रोहित कुमार मुंडा, प्रदीप उरांव, संजय गंझू, सरजू मुंडा और सुमित उरांव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, भरत बैठा गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। उसके खिलाफ पहले भी चाकू से जुड़े 11 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
8 से 15 हजार में बेचते थे बाइक
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरोह सामान्य बाइक को चोरी करने के बाद करीब 8 हजार से 15 हजार रुपये में बेच देता था। वहीं स्पोर्ट्स बाइक की कीमत करीब 20 हजार रुपये तक रखी जाती थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का मास्टरमाइंड भरत बैठा खुद भी नियमित रूप से बाइक चोरी करता था और कथित तौर पर हर दिन कम से कम एक बाइक चोरी करता था।
पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और चोरी की अन्य बाइकों के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की बाइक खरीदने और बेचने के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
