
रांची : राजधानी रांची के नन्हे तैराक इशांक सिंह ने महज 7 वर्ष की उम्र में अद्भुत उपलब्धि हासिल करते हुए 29 किलोमीटर लंबे पाल्क स्ट्रेट को पार कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने श्रीलंका के तलाईमन्नार से भारत के धनुषकोडी तक का सफर सिर्फ 9 घंटे 50 मिनट में तैरकर पूरा किया और ऐसा करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के तैराक बन गए।
इशांक की इस सफलता ने न सिर्फ रांची और झारखंड, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर केंद्रीय मंत्री संजय सेठ और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें बधाई देते हुए इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में इशांक का यह साहस और समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि दृढ़ निश्चय, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

