
रांची: हजारीबाग में एक अल्पसंख्यक परिवार के तीन लोगों की हत्या और एक पत्रकार के साथ हुई मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया है। यह निर्णय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर लिया गया। इसकी जानकारी पार्टी के मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने दी।
घटना के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी हजारीबाग पहुंचे थे और उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उसी दौरान पत्रकारों के साथ मारपीट की घटना सामने आई, जिससे पूरे राज्य के पत्रकारों में नाराजगी देखी जा रही है। पत्रकार मंत्री से माफी की मांग कर रहे हैं और विरोध भी कर रहे हैं।
सतीश पॉल मुंजनी ने बताया कि समिति घटनास्थल पर जाकर पीड़ित परिवार और अन्य लोगों से बातचीत करेगी। इसके बाद सभी तथ्यों के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को सौंपी जाएगी। इस टीम में राजेश कच्छप, ममता देवी, आलोक कुमार दुबे और मंजूर अंसारी को शामिल किया गया है।
समिति जल्द ही हजारीबाग जाकर जांच करेगी और घायल पत्रकार से भी मुलाकात करेगी। पार्टी ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।

