रांची: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय के एनआईसी सभागार में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने-अपने प्रखंड व अंचल कार्यालयों में नियमित रूप से बैठकर आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास कार्यों या सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने जिले में प्रस्तावित और निर्माणाधीन महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स व भवनों के लिए भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करने के मामलों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भूमि से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है, ताकि किसी भी विकास परियोजना में अड़चन न आए। अधिकारियों को जन-केंद्रित प्रशासन की भावना के साथ सीधे संवाद कायम कर काम करने की हिदायत दी गई।


