
स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के लिए गड्ढे के पास डंडा गाड़कर उस पर लाल कपड़ा बांध दिया
रांची : डोरंडा कॉलेज से एयरपोर्ट जाने वाली व्यस्त सड़क पर GAIL द्वारा पाइप बिछाने का काम चल रहा है। बारिश अभी ढंग से शुरू भी नहीं हुई, लेकिन सड़क के बीचों-बीच बड़ा गड्ढा बन चुका है। अब तक दो वाहन इसमें गिर चुके हैं। हालात ऐसे हैं कि स्थानीय लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए खुद ही जुगाड़ करना पड़ा। गड्ढे के पास डंडा गाड़कर उस पर लाल कपड़ा बांध दिया गया, ताकि कोई और हादसे का शिकार न हो।
विडंबना देखिए, इसी रास्ते से चीफ जस्टिस, एसएसपी, कमिश्नर, मंत्री और कई बड़े अधिकारी रोज़ाना गुजरते हैं। फिर भी सड़क की यह बदहाली किसी की नजर में नहीं आ रही। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस पाइपलाइन का काम अभी पूरा भी नहीं हुआ, उसमें पहले से ही लीकेज की बात सामने आ रही है। अगर शुरुआत ही ऐसी है, तो आखिर यह परियोजना कितने साल टिकेगी? फिलहाल यह गड्ढा सड़क नहीं, आम लोगों की जान के लिए ‘मौत का कुआं’ बन चुका है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार एजेंसियां जागती हैं या किसी बड़े हादसे का इंतजार करेंगी।

