सपा प्रमुख अखिलेश ने सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की

अखिलेश यादव ने जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से जंतर-मंतर पर जारी अनशन खत्म करने की अपील की। वांगचुक की बिगड़ती सेहत को लेकर चिंता जताई जा रही है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को जलवायु कार्यकर्ता एवं शिक्षाविद सोनम वांगचुक से दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी अपना अनिश्चितकालीन अनशन खत्म करने की अपील की। अखिलेश यादव की यह अपील जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शन के 24वें दिन और सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के 17वें दिन आई है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘श्री सोनम वांगचुक जी से हमारा अति विनम्र आग्रह और सविनय अपील है कि वह अपना अनशन तोड़ दें। उनका जीवन समस्त विश्व के लिए अनमोल है, क्योंकि उसमें मानवता और पर्यावरण के लिए उतनी ही प्रतिबद्धता है जितनी लोकतंत्र के लिए।’’

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस सरकार को जगाने के लिए वांगचुक आमरण अनशन कर रहे हैं, उससे संवेदनशीलता की उम्मीद करना व्यर्थ है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि सत्याग्रह का महत्व वही समझ सकते हैं जिनमें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति आस्था हो। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनम वांगचुक का मनोबल और नैतिकता देशवासियों, युवाओं, लोकतंत्र और पर्यावरण के संघर्ष के लिए प्रेरणा बनी रहे, यही सभी की कामना है। इस बीच, आयोजकों के अनुसार अनिश्चितकालीन अनशन के दौरान सोनम वांगचुक का वजन 8.2 किलोग्राम घट गया है और उनका रक्तचाप भी गिरकर 107/70 एमएमएचजी रह गया है। उनकी रक्तशर्करा का स्तर भी घटकर 67 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर हो गया है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार से प्रदर्शनकारियों की मांगों पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि लोगों की जिंदगियां दांव पर लगी हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।