चेन्नई में अवैध रूप से रहने और स्थानीय महिला से शादी करने के आरोप में बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

तमिलनाडु में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक को फर्जी दस्तावेजों से भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपी 2008 में भारत आया था।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चेन्नई: तमिलनाडु में अवैध रूप से रहने, एक स्थानीय महिला से शादी करने और फर्जी पहचान दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के आरोप में बांग्लादेश के एक नागरिक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय कामिल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कामिल 2008 में पश्चिम बंगाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था और इसके बाद वह तमिलनाडु चला गया।  तमिलनाडु में रहने के दौरान उसने एक महिला से शादी की और बाद में उसके साथ त्रिपुरा चला गया। तमिलनाडु और त्रिपुरा में रहने के दौरान कामिल ने आजीविका के लिए कई तरह के छोटे-मोटे काम किए।

पुलिस ने बताया कि कामिल शुरुआत में रोजगार की तलाश में भारत आया था लेकिन बाद में यहीं स्थायी रूप से रहने लगा। उसने त्रिपुरा में मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड और स्थायी खाता संख्या (पैन) कार्ड जैसे फर्जी पहचान दस्तावेज बनवाने के लिए अपने नाम और जन्मस्थान सहित कई महत्वपूर्ण व्यक्तिगत जानकारियों में हेरफेर किया।  इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उसने भारतीय पासपोर्ट भी हासिल कर लिया और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में नौकरी करने चला गया। पिछले कुछ वर्ष यूएई में काम करने के बाद कामिल इसी महीने की 14 तारीख को चेन्नई हवाई अड्डे पहुंचा। आव्रजन अधिकारियों को उस पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसकी कथित अवैध गतिविधियों और फर्जी दस्तावेजों का खुलासा हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने उसे चेन्नई केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने और फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के आरोप में कामिल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।