रांची: जिले में दुर्गा पूजा का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है, जिसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह चौकस और सतर्क है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है ताकि भक्तों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में पूजा-अर्चना का अवसर मिल सके। इसी क्रम में देर रात उन्होंने बकरी बाजार, चंद्रशेखर आजाद, ओसीसी क्लब हिंदपीढ़ी और हिनू सहित कई प्रमुख पूजा पंडालों का दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा मानकों, विद्युत व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और साफ-सफाई जैसी सभी जरूरी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। वे इस दौरान कई पूजा समितियों के उद्घाटन समारोहों में भी शामिल हुए और जिलेवासियों की सुख, समृद्धि व आरोग्य की कामना करते हुए मां दुर्गा से सभी के कल्याण की प्रार्थना की।
खास बात यह रही कि उपायुक्त ने वैशाखी संघ दुर्गा पूजा समिति, हिंदपीढ़ी की महिला सदस्यों को सम्मानित कर उनकी हौसलाअफजाई की और उनके प्रयासों की सराहना की। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर पंडालों के प्रबंधों का जायजा लिया और सुरक्षा मानकों की जानकारी ली।
इस निरीक्षण के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, शांति समिति के सदस्य तथा संबंधित पूजा कमिटियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जन शिकायत या समस्या के लिए रांची जिला प्रशासन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर ‘अबुआ साथी’ 9430328080 पर संपर्क कर सकते हैं।


