

रांची: राजधानी रांची के सात लाख से अधिक लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शहर के बड़े इलाके में पिछले दो दिनों से जारी पेयजल का संकट अब पूरी तरह खत्म हो गया है। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा रुक्का जलाशय से जुड़ी मुख्य राइजिंग पाइपलाइन को बदलने का मरम्मत कार्य रविवार देर शाम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया, जिसके बाद जलापूर्ति की प्रक्रिया पुनः शुरू कर दी गई है।





रुक्का जलशोधन केंद्र से जुड़ी मुख्य पाइपलाइन के करीब 200 मीटर क्षतिग्रस्त हिस्से को बदलने के लिए विभाग द्वारा शनिवार और रविवार को युद्धस्तर पर काम चलाया गया। रविवार शाम को काम पूरा होने के बाद रुक्का प्लांट से बूटी समर में पानी भेजने का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद सोमवार से शहर के अलग-अलग इलाकों में निर्धारित समय पर नियमित पानी की आपूर्ति की जा रही है।
गौरतलब है कि राइजिंग पाइपलाइन का काम चलने के कारण पिछले दो दिनों तक शहर के प्रमुख इलाकों जैसे बरियातू रोड, करमटोली, कचहरी रोड, मोरहाबादी, न्यू मार्केट, रातू रोड, हरमू रोड, चांदनी चौक, कांटाटोली, नामकुम, तातीसिलवे, कोकर, सिरमटोली, चुटिया और मेन रोड सहित दर्जनों मोहल्लों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ था। लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे थे और टैंकरों व मिनी एचवाईडीटी के बाहर लंबी कतारें लगी थीं। अब पाइपलाइन दुरुस्त होने और जलापूर्ति सामान्य होने से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।
