रांची: दुर्गापूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची नगर निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे लगातार सक्रिय रहेगा। नगर निगम की सभी शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए इस कंट्रोल रूम को चौबीसों घंटे चालू रखा जाएगा, ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।

पूजा पंडालों की तैयारियों और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा करने के लिए नगर आयुक्त सुशांत गौरव खुद मैदान में उतरे। उन्होंने अधिकारियों के साथ हरमू, रातू रोड, बकरी बाजार, रामलीला दुर्गा पूजा समिति जिला स्कूल, चंद्रशेखर आजाद और कोकर क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख पूजा पंडालों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों को पर्याप्त डस्टबिन लगाने, स्वयंसेवकों को पहचान पत्र देने और भीड़ नियंत्रण के लिए महिला एवं पुरुषों हेतु अलग-अलग प्रवेश-निकास मार्ग बनाने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। इसके लिए रात्रि पाली में भी विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। विद्युत शाखा को स्ट्रीट लाइट दुरुस्त रखने, ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त रोशनी लगाने और अभियांत्रिक शाखा को खुले नालों को स्लैब से ढंकने व सड़कों की मरम्मत करने का जिम्मा सौंपा गया है। इसके साथ ही, विसर्जन के लिए बनाए जा रहे कृत्रिम विसर्जन कुंडों की सराहना करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिमा विसर्जन के 24 घंटे के भीतर अवशेषों को निकालकर कुंड की सफाई सुनिश्चित की जाए।


