रांची: आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव के अवसर पर शहरवासियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल प्रदान करने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार 12 अक्टूबर को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख पूजा पंडालों का स्थल निरीक्षण किया और अंतिम चरण की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त ने सीएमपीडीआई, पंडरा महावीर मंदिर, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति (धुर्वा), धुर्वा बस स्टैंड के पास स्थित पूजा पंडाल, वार्ड संख्या 48 और छप्पन सेठ सहित शहर के कई क्षेत्रों में जाकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, नालियों की सफाई, प्रवेश व निकास मार्ग, पेड़-पौधों की छंटाई और डस्टबिन की उपलब्धता जैसी मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा समितियों द्वारा बताई गई समस्याओं जैसे स्ट्रीट लाइट, स्टोन डस्ट और पेड़ों की छंटाई का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि पंडाल पट्ट के उद्घाटन से पूर्व निगम और अंचल स्तर की टीमें आपस में समन्वय बनाकर सभी शेष कार्यों को पूरा करें। साथ ही, उन्होंने पूजा पंडाल परिसरों में पर्याप्त डस्टबिन रखने, स्वच्छता मानकों का पालन करने, स्वयंसेवकों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य करने तथा प्रवेश-निकास की स्पष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
नगर निगम का प्रयास है कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो। इसके लिए निगम का कंट्रोल रूम टोल-फ्री नंबर: 1800-570-1235 चौबीस घंटे सक्रिय रहेगा, जहां नागरिक किसी भी समस्या या सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं। नगर आयुक्त ने सभी पूजा समितियों, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार और नगर प्रबंधक सहित निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


