
Electric Shock Death : रांची में करंट लगने से एक युवक की मौत के बाद बड़ा तालाब इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव के साथ सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हुआ है। परिजन दोषियों पर कार्रवाई, उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।
लोग मौके पर बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सड़क जाम के कारण इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने और सड़क जाम हटाने का प्रयास किया।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने की अपील की जा रही है।

