झारखंड RJD के पूर्व प्रवक्ता मो इस्लाम छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने पार्टी के पूर्व प्रवक्ता मोहम्मद इस्लाम को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया है। यह जानकारी राजद के प्रदेश प्रवक्ता मनोज कुमार ने रविवार को दी।

मनोज कुमार ने कहा कि पार्टी के गत दिनों धरना कार्यक्रम में मो इस्लाम द्वारा अभद्र व्यवहार के साथ गाली गलौज किया गया था।

समझाने पर भी उन पर कोई असर नहीं हुआ जो अत्यंत ही उद्दंडता का परिचायक है।

उन्होंने टीवी चैनल में दल विरोधी बयान देकर राजद की छवि को धूमिल किया है। इसलिए पार्टी ने निर्णय लिया है कि उन्हें छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाए।

वहीं दूसरी ओर पार्टी ने सुरेंद्र प्रसाद से स्पष्टीकरण पूछा है। उन्होंने कहा कि सुरेंद्र प्रसाद से स्पष्टीकरण पूछा गया है कि उनके द्वारा दिए गए बयान से दल विरोधी शक्तियों को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने जो बयान दिया है इसके लिए दल के अध्यक्ष या प्रधान महासचिव से सहमति नहीं ली गई थी।

इसके कारण मीडिया द्वारा दुष्प्रचार किया गया है।

उन्होंने बताया कि सुरेंद्र प्रसाद को एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। अगर वह स्पष्टीकरण नहीं देते हैं तो कार्यालय परिसर में उनका प्रवेश वर्जित रहेगा।

Share This Article