

रांची : डोरंडा विद्युत डिवीजन क्षेत्र के हेसाग में सरकारी बिजली उपकरणों की कथित बरामदगी को लेकर विद्युत विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष संजय महली की शिकायत के बाद विभागीय अधिकारियों की टीम द्वारा बिजली विभाग के ठेकेदार अनवर अंसारी के घर पर छापेमारी की जा रही है।





छापेमारी के दौरान विभागीय टीम ने बड़ी मात्रा में विद्युत सामग्री बरामद किए जाने का दावा किया है। बरामद सामानों में बिजली के तार, केबल, ट्रांसफॉर्मर, इंसुलेटर, एमसीबी बॉक्स, रेल पोल सहित कई अन्य विद्युत उपकरण शामिल बताए जा रहे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार बरामद सामग्री की कीमत करोड़ों रुपये में होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कीमत और बरामद सामग्री के सरकारी होने की पुष्टि विभागीय जांच एवं दस्तावेजों के मिलान के बाद ही स्पष्ट होगी।
मौके पर विद्युत विभाग के अधिकारी और डोरंडा डिवीजन की टीम मौजूद है। अधिकारियों द्वारा बरामद सभी सामानों की गिनती, पहचान और सूची तैयार की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सामग्री विभाग के किस भंडार या कार्यस्थल से संबंधित है और निजी परिसर में कैसे पहुंची।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालक अभियंता प्रमोद कुमार गुप्ता, सहायक अभियंता सौरव कुमार, कनीय अभियंता सहित अन्य विभागीय कर्मी मौके पर मौजूद बताए गए हैं। फिलहाल विभागीय टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि बरामद सामग्री सरकारी संपत्ति है या नहीं और यदि सरकारी संपत्ति है तो उसे निजी परिसर में रखने के पीछे क्या वजह थी।
