स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, ऐसे समाज के निर्माण का लिया संकल्प

रांची के नामकुम आरसीएच कैंपस में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग सत्र आयोजित हुआ। एनएचएम झारखंड के स्वास्थ्यकर्मियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योग और प्राणायाम का अभ्यास किया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड के राज्य आईईसी कोषांग के तत्वावधान में बुधवार को एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। नामकुम स्थित आरसीएच कैंपस में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के तहत विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। सुबह 6:30 बजे शुरू हुए इस विशेष सत्र में आयुष योग प्रशिक्षक हेमा कुमारी और नंदकिशोर शर्मा ने उपस्थित प्रतिभागियों को योग और प्राणायाम के विभिन्न चरणों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने दैनिक जीवन में नियमित योगाभ्यास के महत्व और इससे होने वाले शारीरिक व मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सभी ने योग से निरोग समाज का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुर्वेद के उपनिदेशक डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने योग को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने का सबसे प्रभावी माध्यम बताया और सभी से इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

वहीं, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साकेत कुमार ने कहा कि कार्यस्थल पर इस तरह के सामूहिक योग सत्रों के आयोजन से कर्मचारियों के बीच स्वास्थ्य संवर्धन होता है और एक सकारात्मक कार्य वातावरण का निर्माण होता है। मौके पर डॉ. फजलुस समी, रजिस्ट्रार आयुष डॉ. वकील कुमार सिंह, डॉ. लाल मांझी, डॉ. विजय रजक, डॉ. अनुज मंडल और नवल किशोर यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।