रांची : ओडिशा के प्रसिद्ध जगन्नाथ धाम, पुरी में आयोजित तीन दिवसीय “इंडिया योग चैंपियनशिप एवं योग महोत्सव” में रांची के योग प्रशिक्षक जगदीश सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर ग्रुप में सिल्वर मेडल हासिल किया। चैंपियनशिप का आयोजन ओनली-योगा द्वारा सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी के सहयोग से 11 से 13 सितंबर 2026 तक किया गया। देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जगदीश ने सीनियर वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया। इसके साथ ही योगासन प्रतियोगिता में जजमेंट के क्षेत्र में योगदान के लिए भी उन्हें सम्मानित किया गया। अपनी इस उपलब्धि पर जगदीश सिंह ने अपने कोच और डिवाइन योगा अकादमी की निदेशक डॉ. परिणिता सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग ने उन्हें प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। गौरतलब है कि जगदीश इससे पहले सिलीगुड़ी में आयोजित राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में “चैंपियन ऑफ चैंपियन” वर्ग में रनर-अप का खिताब भी हासिल कर चुके हैं।
वर्तमान में जगदीश सिंह झारखंड स्वास्थ्य विभाग के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एन एच एम) में योग प्रशिक्षक के रूप में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सी एच सी), ओरमांझी में कार्यरत हैं। योग के क्षेत्र में उनकी लगातार उपलब्धियां झारखंड के लिए भी गौरव का विषय हैं।

