

रांची: राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। कडरू इलाके से 11 से 12 साल के तीन बच्चे अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश तेज कर दी है।





दो बच्चों की पहचान हुई, तीसरे की जानकारी जुटा रही पुलिस
जानकारी के मुताबिक लापता बच्चों की उम्र 11 से 12 साल के बीच है। इनमें से दो की पहचान बेलाल और सूरज महतो के रूप में हुई है। तीसरे बच्चे की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। बच्चे कैसे और कहां गए, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है, जिससे मामला और भी रहस्यमय बना हुआ है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
सीसीटीवी और पूछताछ के जरिए तलाश जारी
सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना पुलिस सक्रिय हो गई और कई टीमें बच्चों की खोज में लगाई गई हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि कोई सुराग मिल सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें।
