
बोकारो : बोकारो जिले के पिंड्राजोरा क्षेत्र में मंईयां सम्मान योजना के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठग महिलाओं को फोन कर खुद को सरकारी अधिकारी बताकर डराने की कोशिश कर रहे हैं। फोन कॉल में कहा जा रहा है-“आपके आवेदन के सत्यापन में गड़बड़ी है, अगर तुरंत आधार नंबर और कुछ रुपये नहीं भेजे तो अगली किस्त रुक जाएगी।” इस तरह की कॉल से इलाके की महिलाएं दहशत में हैं।
एक ही नंबर से कई कॉल, महिलाओं को बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक पिंड्राजोरा क्षेत्र की कई महिलाओं को 7024887455 नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मंईयां सम्मान योजना से जुड़ा अधिकारी बताया। ठगों ने दावा किया कि लाभुकों के आवेदन और बैंक खाते के सत्यापन में समस्या है। इसके बाद आधार कार्ड की जानकारी मांगी गई और मोबाइल के जरिए पैसे भेजने का दबाव बनाया गया।
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
मामले की जानकारी मिलने के बाद चास के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रदीप कुमार ने लोगों को सतर्क किया है। उन्होंने साफ कहा कि यह पूरी तरह साइबर ठगी है। उन्होंने बताया कि किसी भी सरकारी योजना के तहत न तो आधार नंबर, न बैंक डिटेल, न ओटीपी और न ही पैसे फोन पर मांगे जाते हैं।
लोगों से अपील– रहें सावधान
बीडीओ ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें। अगर कोई खुद को सरकारी अधिकारी बताकर पैसे या जानकारी मांगे, तो तुरंत स्थानीय थाना, प्रखंड कार्यालय या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें। प्रशासन ने कहा है कि थोड़ी सी सावधानी आपको बड़ी ठगी से बचा सकती है।

