
रांची : रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में स्थित धुनकी रूफटॉप बार पर शनिवार देर रात करीब 1:05 बजे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बार को बंद करा दिया। जानकारी के मुताबिक, पिछले एक महीने में यह तीसरी बार है जब पुलिस ने यहां पहुंचकर कार्रवाई की है।
बताया गया कि बार में नियमों के विपरीत तेज आवाज में डीजे बज रहा था और शराब परोसी जा रही थी। मौके पर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे, जिनमें कुछ नाबालिग भी बताए गए। स्थानीय लोगों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही कई लोग जल्दबाजी में बाहर निकलकर अपने वाहनों से जाने लगे, जिससे सड़क पर कुछ समय के लिए वाहनों की कतार लग गई।
बार के पास ही एक अस्पताल होने के कारण तेज आवाज से मरीजों को भी परेशानी होने की शिकायत लगातार मिल रही थी। बताया गया कि बार प्रबंधन को पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया। प्रशासन के नियमों और उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक तेज ध्वनि, डीजे और लाउड साउंड पर रोक है। बावजूद इसके नियमों के उल्लंघन की शिकायतें सामने आती रही हैं।

