
रांची : रांची से लोहरदगा जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे इंतजार के बाद रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर ट्रेन सेवा शुक्रवार से फिर शुरू कर दी गई है। चार जनवरी से बंद पड़ी इस रेल सेवा के बहाल होने से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
दरअसल, जनवरी में ब्रिज संख्या 115 के पिलरों में दरार आने के कारण इरगांव और लोहरदगा के बीच रेल परिचालन रोक दिया गया था। मरम्मत के दौरान जर्जर हिस्सों को हटाकर पिलर संख्या चार और छह के बीच 26.8 मीटर लंबा आरएच गर्डर लगाया गया। कार्य पूरा होने के बाद ट्रायल सफल रहा, जिसके बाद ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी गई।
भक्सो कोयल नदी पर बने इस रेलवे ब्रिज पर टावर कार और मल्टी इंजन का सफल परीक्षण किया गया। इसके बाद रात में मालगाड़ियों का परिचालन शुरू हुआ और शनिवार से मेमू पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेनों की आवाजाही भी बहाल कर दी गई है। अब रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस भी अपने पुराने मार्ग से ही चलेगी, जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलखंड बंद रहने के दौरान कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया था। नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस समेत रांची-चोपन, रांची-सासाराम और सांतरागाछी-अजमेर एक्सप्रेस को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा था। अब सभी ट्रेनों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शनिवार को वैकल्पिक बस सेवा भी जारी रखी गई है, ताकि किसी को परेशानी न हो। रेल अधिकारियों की मौजूदगी में ब्रिज की मरम्मत का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है और अब यह रेलखंड पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया गया है।

