
रांची : रांची और लोहरदगा के बीच ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। करीब ढाई महीने से प्रभावित इस रेलखंड पर अब ट्रेनों का परिचालन जल्द सामान्य होने वाला है। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, कोयल नदी पर बने रेलवे पुल की मरम्मत का काम अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च के अंत तक इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही फिर से शुरू हो जाएगी।
दरअसल, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने लोहरदगा और टोरी के बीच ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया था। पुल के पिलरों में दरार मिलने के बाद यह कदम उठाया गया, ताकि किसी भी संभावित हादसे से बचा जा सके। इस बंदी का असर यात्रियों पर साफ दिखा। कई अहम ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा था, जिससे यात्रियों को ज्यादा दूरी तय करनी पड़ रही थी और सफर का समय भी बढ़ गया था। अब मरम्मत कार्य पूरा होने के साथ ही यात्रियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।

