
Morabadi Vendor Market : राजधानी रांची के मोराबादी वेंडर मार्केट क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। इलाके में स्थित एक विशाल पेड़ अचानक टूटकर 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन पर गिर गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पेड़ हाईटेंशन तारों पर लटका हुआ है और किसी भी समय नीचे गिर सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पेड़ गिरता है तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। वेंडर मार्केट होने के कारण यहां दिनभर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और प्रशासन को तत्काल सूचना दी। हालांकि, शिकायत के करीब पांच घंटे बाद तक न तो विभागीय टीम मौके पर पहुंची और न ही पेड़ हटाने की कोई कार्रवाई शुरू की गई।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि हाईटेंशन लाइन पर लटका पेड़ किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहा है। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से अविलंब हस्तक्षेप कर पेड़ को सुरक्षित तरीके से हटाने तथा क्षेत्र को सुरक्षित घोषित करने की मांग की है।
फिलहाल, इलाके के लोगों में भय और चिंता का माहौल है तथा सभी की निगाहें प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

