
रांची: रांची नगर निगम अपने कंडम और अनुपयोगी वाहनों का वैज्ञानिक और पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने जा रहा है। निगम प्रशासन ने अपने परिसरों के बेहतर उपयोग, सुरक्षा और प्रभावी संसाधन प्रबंधन के उद्देश्य से इन पुराने वाहनों को स्क्रैप करने की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है।
इस कार्य के लिए आमंत्रित निविदा के बाद लॉटरी प्रक्रिया के जरिए एजेंसियों का चयन किया गया है। निगम द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, M/s Pineview Recyclers Pvt. Ltd. को 17 कंडम स्वराज माजदा बसों के स्क्रैपिंग का जिम्मा दिया गया है।
वहीं M/s Bharat Waste Management को 52 कंडम टाटा एस वाहनों और M/s Grand Global को 36 अन्य प्रकार के कंडम वाहनों के स्क्रैपिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, लोहा, लक्कड़ और अन्य स्क्रैप सामग्री के निस्तारण का कार्य मेसर्स आशा ट्रेडर को आवंटित किया गया है।
रांची नगर निगम ने सभी चयनित एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे तय मानकों, पर्यावरणीय नियमों और समय-सीमा का पालन करते हुए कार्य को जल्द से जल्द पूरा करें।
निगम प्रशासन का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाएगी ताकि कार्य पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बना रहे। परिसंपत्तियों के रखरखाव और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में निगम का यह कदम काफी अहम माना जा रहा है।

