रांची नगर निगम ने डीपीएस चौक से मेकॉन तक चलाया विशेष अतिक्रमण मुक्त अभियान, इन पर हुई कार्रवाई

रांची नगर निगम ने डीपीएस चौक से मेकॉन तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर अवैध गैरेज, मीट दुकानें और अतिक्रमण हटाए, कंडम वाहन जब्त किए तथा ग्रीन पैच विकसित करने के निर्देश दिए।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi Municipal Corporation : रांची नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में निगम की इंफोर्समेंट टीम द्वारा डीपीएस चौक से मेकॉन तक व्यापक अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क, फुटपाथ, नदी किनारे, सार्वजनिक स्थलों और अवैध रूप से किए गए अतिक्रमणों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई।

दो अवैध गैरेज हटाए गए

अभियान के दौरान मार्ग पर अवैध रूप से संचालित दो गैरेज को हटाया गया। निरीक्षण में पाया गया कि गैरेज संचालकों द्वारा सड़क किनारे बड़ी संख्या में वाहन पार्क किए जा रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। सहायक नगर आयुक्त ने दोनों गैरेज संचालकों को 24 घंटे के भीतर सभी वाहनों को हटाने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क किनारे बनाई गई अस्थायी संरचनाओं को भी हटाया गया तथा भविष्य में पुनः अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।

लावारिस कंडम वाहन जब्त

अभियान के दौरान सड़क किनारे लंबे समय से लावारिस स्थिति में खड़े एक कंडम वाहन को ध्वस्त कर जब्त किया गया। रांची नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे कंडम और अनुपयोगी वाहनों की पहचान की जा रही है, जो लंबे समय से मार्ग पर खड़े है। यातायात बाधित करने के साथ-साथ जाम की समस्या उत्पन्न कर रहे हैं। निगम ने ऐसे सभी वाहन स्वामियों से तत्काल अपने वाहन हटाने की अपील करते हुए स्पष्ट किया हैं कि नियमानुसार ध्वस्त करने और जब्ती की कार्रवाई की जायेगी।

अवैध दुकानों पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि मार्ग पर कई दुकानों द्वारा अवैध रूप से तंबाकू, सिगरेट, पान और गुटखा सहित अन्य सामग्री का विक्रय किया जा रहा था, जिससे क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ लग रही थी। स्थानीय लोगों द्वारा छेड़छाड़ एवं असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें भी प्राप्त हुई थीं। चूंकि यह क्षेत्र शैक्षणिक संस्थानों और आवासीय परिसरों के निकट स्थित है। इसे गंभीरता से लेते हुए सभी अवैध दुकानों को हटाया गया तथा संचालकों को भविष्य में सार्वजनिक स्थल पर दुकान नहीं लगाने का सख्त निर्देश दिया गया।

भूसुर नदी किनारे संचालित दो अवैध मीट दुकानें हटाई गईं

अभियान के दौरान भूसुर नदी के निकट संचालित दो अवैध मीट दुकानों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। निरीक्षण में पाया गया कि दुकानों से निकलने वाले मीट के अवशेष नदी एवं उसके आसपास फेंके जा रहे थे। जिससे बड़ी संख्या में पक्षी एकत्रित हो रहे थे। संबंधित क्षेत्र फ्लाइंग जोन में होने के कारण इससे बर्ड हिट की संभावना बनी रहती है, जो विमान संचालन की दृष्टि से गंभीर है। साथ ही मीट अपशिष्ट के कारण नदी का जल प्रदूषित हो रहा था तथा आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा था। इन सभी को देखते हुए निगम द्वारा दोनों अवैध मीट दुकानों को तत्काल हटाया गया।

ग्रीन पैच विकसित करने के निर्देश

अभियान के दौरान सहायक नगर आयुक्त ने हॉर्टिकल्चर शाखा के गार्डन अधीक्षकों को भूसुर नदी किनारे और मार्ग के अन्य उपयुक्त स्थलों की पहचान कर ग्रीन पैच विकसित करने तथा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य अतिक्रमण मुक्त हुए स्थलों का बेहतर उपयोग करते हुए उन्हें हरित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करना है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।