रांची को अतिक्रमण मुक्त बनाने की तैयारी, शहर के सभी 53 वार्डों में बनाए जाएंगे वेंडिंग जोन

रांची के सभी 53 वार्डों में वेंडिंग जोन और वेंडर मार्केट बनाने की तैयारी तेज, नगर निगम ने सरकारी जमीन चिह्नित करने और अतिक्रमण व जाम की समस्या दूर करने की पहल शुरू की।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में सड़कों और फुटपाथों पर दुकान लगाने वालों को व्यवस्थित करने तथा शहर को अतिक्रमण और जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए रांची नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। इस योजना के तहत रांची नगर निगम क्षेत्र के सभी 53 वार्डों में वेंडिंग जोन और वेंडर मार्केट विकसित किए जाएंगे, जिसके लिए उपयुक्त सरकारी जमीन की पहचान और चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया गया है।

इस संबंध में रांची नगर निगम के उप नगर आयुक्त रवींद्र कुमार ने शहर के विभिन्न अंचलों शहर अंचल, बड़गाईं, कांके, हेहल, नामकुम और अरगोड़ा के अंचल अधिकारियों को पत्र जारी कर दिशा-निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्ध सरकारी जमीन की पहचान कर उसकी नापी कराने और विस्तृत रिपोर्ट नगर निगम को जल्द से जल्द सौंपने की हिदायत दी गई है।

शहर भी दिखेगा व्यवस्थित

नगर निगम की इस पहल का मुख्य उद्देश्य फुटपाथ दुकानदारों को स्थायी और निर्धारित स्थान उपलब्ध कराना है ताकि उनकी आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव डाले बिना शहर को सुंदर, रमणीक और सुव्यवस्थित बनाया जा सके। वर्तमान में सड़कों के किनारे अनियंत्रित रूप से दुकानें लगने के कारण ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती है और पैदल चलने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वेंडिंग जोन बनने से नागरिकों को एक ही स्थान पर सभी सामान उपलब्ध हो सकेंगे और फुटपाथ पर बेतरतीब दुकानों पर नियंत्रण लगेगा।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कार्रवाई में तेजी उल्लेखनीय है कि सितंबर माह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करने और रांची के सभी 53 वार्डों में जमीन चिह्नित करने के सख्त निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बाद ही नगर निगम ने इस प्रक्रिया को गति दी है। हालांकि, रांची नगर निगम के अनुसार शहर के कुछ वार्डों में उपयुक्त सरकारी जमीन उपलब्ध न होने के कारण योजना को लागू करने में अड़चन आ रही है। इसी समस्या के समाधान के लिए संबंधित अंचलों से जमीन का ब्योरा मांगा गया है, ताकि जमीन चिह्नित होते ही आगे का निर्माण कार्य पूरा किया जा सके।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।