
रांची: रांची में 28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत होगी, जिसमें 5 लाख से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि इस तीन दिवसीय अभियान 28 से 30 जून तक 0 से 5 वर्ष तक के कुल 5,05,524 बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 3,893 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए 7,786 बूथ टीम सदस्य और 571 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। सिविल सर्जन ने हर बच्चा, हर बार के संकल्प के साथ सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाने की अपील की है।
जागरूकता रथ को किया रवाना
आम जनता को जागरूक करने के लिए सिविल सर्जन ने एक पल्स पोलियो प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो शहरी क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इस बैठक में डीआरसीएचओ डॉ. असीम कुमार मांझी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

