झारखंड के युवाओं के लिए नई राह!, HCL टेक के साथ टेक बी प्रोग्राम के लिए MoU, गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना से मिलेगा 15 लाख तक का लोन

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार राज्य की युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग ने एचसीएल टेक के साथ प्लेसमेंट आधारित टेक बी प्रोग्राम के लिए एक एमओयू पर हस्ताक्षर किया है। बुधवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इस पहल को युवाओं के लिए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र में सुनहरे अवसर प्रदान करने वाला कदम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक बी प्रोग्राम 12वीं कक्षा के बाद विद्यार्थियों को आईटी सेक्टर से जोड़ने का एक अनूठा प्रयास है। इस कार्यक्रम के तहत युवाओं को तकनीकी शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, और नौकरी के अवसर मिलेंगे। साथ ही, सफल प्रशिक्षण के बाद उच्च शिक्षा के रास्ते भी खुलेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने और अपने करियर को नई दिशा देने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस प्रोग्राम से संबंधित जानकारी सभी स्कूली विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

सीएम सोरेन ने कहा कि झारखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर देने की। सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, कौशल विकास, और रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी से जूझ रहे छात्रों के लिए गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की गई है, जिसके तहत इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, या अन्य कोर्स के लिए बिना गारंटी के 15 लाख रुपये तक का लोन उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने निजी कंपनियों और संस्थानों से इस तरह की पहल करने की अपील की और कहा कि ऐसी योजनाओं को सरकार पूरा समर्थन देगी। उन्होंने युवाओं से इस प्रोग्राम में पूरी लगन से हिस्सा लेने और अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के मंत्री रामदास सोरेन, मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक शशि रंजन, और एचसीएल टेक के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सुब्बारमण बालासुब्रमण्यम उपस्थित थे।

Share This Article