
रांची: पंडरा ओपी क्षेत्र के ओटीसी मैदान के पास सुबह हुई गोलीबारी में घायल जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। भार्गव का इलाज पारस अस्पताल में चल रहा था, जहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन खुद पूरी जांच की मॉनिटरिंग कर रहे थे। इसी कार्रवाई का नतीजा रहा कि कुछ ही घंटों के अंदर पुलिस ने मास्टरमाइंड विजय टेटे को शहर से भागने के दौरान पकड़ लिया। गिरफ्तारी के समय उसकी पत्नी भी उसके साथ मौजूद थी।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े आठ बजे बाइक सवार अपराधियों ने भार्गव सिंह को उस वक्त गोली मारी जब वह मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। इस हमले को तीन अपराधियों ने अंजाम दिया, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए। घायल भार्गव सिंह बैंक कॉलोनी, ओझा मार्केट के रहने वाले थे और “गोल्डन सिटी इंडिया” नाम से एक कंपनी चलाते थे। गोली लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद पारस अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।


