
रांची : देश की जनता को फिर महंगाई का झटका लगा है। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। इस बार पेट्रोल के दाम में 90 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 87 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। नई कीमतें लागू होने के बाद रांची में पेट्रोल 101.76 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल की कीमत बढ़कर 96.52 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। लगातार बढ़ते दामों ने आम लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
बताते चलें कि महज चार दिन पहले ही सरकार ने पेट्रोल के दाम में 3 रुपये और डीजल में 3.14 रुपये की बढ़ोतरी की थी। उस समय रांची समेत पूरे झारखंड में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत देखने को मिली थी। पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं और कई पंप ड्राई हो गए थे। हालात सामान्य होने में करीब चार दिन का समय लगा था। गौरतलब है कि अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण पूरी दुनिया में तेल और गैस का संकट गहराया हुआ है। इसी संकट से निपटने के लिए भारत सरकार लगातार तेल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी कर रही है।

