रांची : पुंदाग ओपी क्षेत्र में सेवानिवृत्त सीसीएल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव चौधरी से 2.08 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि हजारीबाग निवासी पिंकू कुमार चौधरी ने पेट्रोल पंप में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का झांसा देकर डॉक्टर और उनकी पत्नी से रकम ली।

डॉक्टर के अनुसार, आरोपी ने चौपारण के पांडेय बाड़ा में एनएच पर पेट्रोल पंप की डीलरशिप मिलने की बात कही थी। इसके बाद भूमि विकास, सिक्योरिटी डिपॉजिट, निर्माण, मशीनरी और अन्य कामों के नाम पर अलग-अलग रकम ली गई। डॉक्टर के खाते से करीब 1.32 करोड़ और उनकी पत्नी के खाते से 28.90 लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा आरोपी ने अपने दूसरे कारोबार के लिए 55 लाख रुपये का लोन भी लिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि नकद और कमेटी के नाम पर भी करीब 47 लाख रुपये लिए गए। बाद में उन्हें धोखाधड़ी की आशंका हुई। उन्होंने पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस से जांच और रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


