रांची में दुर्गा पूजा की सुरक्षा के लिए पुलिस अलर्ट, पंडालों में CCTV से होगी निगरानी

दुर्गा पूजा को लेकर रांची पुलिस पूरी तरह सतर्क, एसएसपी राकेश रंजन ने बैठक कर पंडालों में सीसीटीवी निगरानी और सादे कपड़ों में पुलिस बल तैनात करने का दिया निर्देश।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
रांची: दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में पूजा पंडालों में CCTV कैमरों से निगरानी, भीड़ नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन की ओर से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर CCTV कैमरे लगाने पर जोर दिया गया है। पूजा पंडालों में लगे कैमरों की लाइव फीड और DVR की व्यवस्था पंडाल परिसर में ही रखने का निर्देश दिया गया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी जा सके।

सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों और मेला क्षेत्रों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। वहीं, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शक्ति कमांडो और महिला पुलिसकर्मियों को भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

ट्रैफिक व्यवस्था पर भी रहेगा विशेष ध्यान

पूजा के दौरान शहर में जाम की समस्या से निपटने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने और संवेदनशील स्थानों की पहचान करने को कहा गया है।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

बैठक में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और किसी भी तरह की अफवाह, विवाद या अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें और पूरे शहर में शांति, सौहार्द एवं भाईचारा कायम रहे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।